देश की नहीं, क्षेत्र की चिंता करें राहुल : अनुराग ठाकुर
अमेठी (उत्तर प्रदेश), 16 जनवरी आईएएनएस। भातीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को मशविरा दिया कि उन्हें देश की चिंता छोड़कर क्षेत्र की चिंता करनी चाहिए, नहीं तो उन्हें नई राजनीतिक जमीन तलाशनी पड़ सकती है।
रविवार को भाजयुमो की राष्ट्रीय एकता यात्रा के साथ अमेठी पहुंचे ठाकुर ने कहा, "इस यात्रा के स्वागत के लिए उपस्थित भीड़ इस बात की गवाही दे रही थी कि गांधी परिवार की इस विरासत से अब लोगों का मोह भंग हो रहा है।"
अमेठी की उपेक्षा पर सवाल खड़ा करते हुए ठाकुर ने कहा कि जो नेता अपने संसदीय क्षेत्र की दशा नहीं सुधार पाया हो उससे देश में सुधार लाने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि इससे बड़ी अफसोस की बात और क्या हो सकती है कि इस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के हाथ में हमेशा से सत्ता की चाबी रही है। यदि वह चाहते तो अमेठी को उत्तर प्रदेश का मुकुट बना सकते थे, लेकिन ऐसा उन्होंने इसलिए नहीं किया, क्योंकि वह हमेशा से स्वार्थ की राजनीति करते आए हैं।
भाजयुमो अध्यक्ष ने गांधी परिवार को चेताते हुए कहा कि समय तेजी से बदल रहा है, लोग अब जागरूक हो रहे हैं। इसलिए छल-कपट का राजनीतिक खेल अब ज्यादा दिन चलनने वाला नहीं है।
जौनपुर और अमेठी में आयोजित सभा में ठाकुर ने एलान किया कि एकता यात्रा नहीं रुकेगी। यह तिरंगे के सम्मान की यात्रा है। सुबह वाराणसी से शुरू हुई यात्रा जौनपुर से सुल्तानपुर होते हुए अमेठी पहुंची। इसके पहले बदलापुर में हुई सभा में जहां लगभग आठ हजार लोग उपस्थित रहे, वहीं अमेठी की सभा में यह तादाद बढ़कर करीब बीस हजार पहुंच गई।
अमेठी में सिख समाज की ओर से ठाकुर को तलवार भेंट की गई। अमेठी पहुंची यात्रा को रास्ते में रोककर 75 वर्षीय वृद्धा शांति देवी ने भाजयुमो अध्यक्ष को तिरंगा सौंपकर उन्हें यात्रा की सफलता के लिए आर्शीवाद दिया।
इससे पहले जौनपुर में कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति का प्रसंग उठाते हुए ठाकुर ने कहा कि देश की समस्या का निदान नहीं हो पाने की मूल वजह कांग्रेस की गलत नीति है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर को भारत से अलग होने की चाल देश के युवा कभी सफल नहीं होने देंगे। इसके लिए चाहे उन्हें जो कुर्बानी देनी पड़े।
अमेठी में भाजपा सांसद व क्रिकेट खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कश्मीर को अलगाववादी तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में राहुल की फौज कहां है? उन्होंने कहा कि एकता यात्रा कुंभकर्णी नींद में सो रही सरकार को जगाने के लिए है।
यात्रा का जलालपुर, चौपानी, सिफौली, जफनाबाद, धनियापुर सहित रास्ते में पड़ने वाले छोटे-छोटे गांवों और कस्बों में भी स्वागत किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications