सिलीगुड़ी में बंद से जनजीवन प्रभावित
सिलीगुड़ी, 16 जनवरी (आईएएनएस)। बांग्ला ओ बांग्ला भाषा बचाओ समिति (बीओबीबीबीसी) के 48 घंटे के बंद के पहले दिन रविवार को दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में जनजीवन थम सा गया। समिति ने बंद का आह्वान गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के एक पृथक राज्य के आंदोलन के विरोध में किया है।
सिलीगुड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव शर्मा ने कहा, "सिलीगुड़ी उप प्रभाग में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर बंद आमतौर से शांतिपूर्ण था। एहतियाती कदम उठाते हुए हमने बीओबीबीबीसी के सचिव मुकुंदा मजमूदार सहित 13 समर्थकों को गिरफ्तार किया।"
ज्ञात हो कि बीओबीबीबीसी ने 48 घंटे के बंद का आह्वान जीजेएम द्वारा 27 दिनों के बंद के आह्वान का जवाब देने के लिए किया है। जीजेएम ने बंद का आह्वान जिले के तीन पहाड़ी उप प्रभागों में चरणबद्ध तरीके से किया है।
जीजेएम के तीन चरणों का पहला बंद 15 जनवरी को समाप्त हुआ। जबकि दूसरे चरण का बंद 18 से 25 जनवरी और तीसरे चरण का बंद 29 से 12 फरवरी के बीच होना है।
सूत्रों ने बताया कि चार दिनों के बंद के चलते लोगों के पास खाद्य और अन्य आवश्यक सामग्रियों की कमी हो गई है।
जीजेएम के प्रेस सचिव हड़का बहादुर छेत्री ने आईएएनएस को बताया, "हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों में बीओबीबीबीसी का हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।"
उन्होंने कहा, "पृथक गोरखालैंड राज्य बनाने की मांग हम लम्बे समय से कर रहे हैं। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से हम अपना 27 दिनों का बंद जारी रखेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications