गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर सोमवार से हजारों सुरक्षाकर्मी कड़ी चौकसी में जुट जाएंगे।
दिल्ली पुलिस भी राजपथ पर उस स्थल की कड़ी निगरानी में जुट जाएगी जहां राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील तिरंगा ध्वज फहराएंगी और गणतंत्र दिवस परेड की सलामी लेंगी।
सुरक्षा दस्तों में बम स्क्वायड और खोजी कुत्तों को भी शामिल किया जाएगा। ये दस्ते सार्वजनिक स्थलोंरेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, महत्वपूर्ण इमारतों एवं बजारों में तैनात रहेंगे। इसके अलावा शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच भी होगी।
एक अधिकारी ने बताया कि विभिन्न दस्तों में लगभग 100 खोजी कुत्तों को शामिल किया जाएगा।
मध्य दिल्ली के लुटियंस जोन जहां सरकारी प्रतिष्ठान एवं सांसदों के बंगले हैं, वहां लगभग 2,000 जवान चौकसी करेंगे। कुछ महत्वपूर्ण स्थलों पर अचूक निशानेबाज सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "कड़े सुरक्षा प्रबंध की तैयारी पूरी हो गई है। बम स्क्वायड, हमला निरोधक दस्ते, कमांडो और निशानेबाज विभिन्न स्थलों पर तैनात किए जाएंगे।"
इंडो-एशियनन्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications