तनिष्क शोरूम लूट में 8 आरोपी गिरफ्तार (लीड-1)
पुलिस ने रविवार को बताया कि चण्डीगढ़ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान पारस सोनी (26), जो गिरोह का सरगना है, मानव सोनी (24),भेरा कुरैशी (28),उपेंद्र सिंह(19),अनुज कुमार(21),अजय सिंह(24),भूरा तोमर(18) और सोनू राघव(19) के रूप में की गई है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त बी. के. गुप्ता ने बताया, "चण्डीगढ़ और दिल्ली पुलिस की 72 घंटे चली संयुक्त कार्रवाई में लूटपाट के मामले को सुलझा लिया गया है और साथ ही आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से दुकान से लूटे गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।"
गुप्ता ने कहा कि यह कार्रवाई अंतर्राज्यीय पुलिस सहयोग का बेहतर उदाहरण है।
गुप्ता ने कहा कि इस मामले में चार आरोपी उमर दराज, अली राजा, सतेंदर और नदीम अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले पर निगरानी रखने वाले चण्डीगढ़ के पुलिस महानिरीक्षक पी.के.श्रीवास्तव ने बताया, "मिली खुफिया जानकारी को दिल्ली पुलिस के साथ साझा किया गया और संयुक्त रूप से दो-तीन दिन तक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान लुटरों को आभूषण के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।"
भूरा कुरैशी को वसंत विहार के पीवीआर प्रिया के पास से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से लूटे गए कुछ आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एच. जी. एस. धालीवाल ने बताया, "पूछताछ के दौरान कुरैशी ने लूटपाट का जुर्म कूबल किया है। साथ ही उसने गिरोह के सरगना सहित पारस सोनी के बारे में भी खुलासा किया।"
दोनों राज्यों की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शनिवार को पारस सोनी और उसके भाई मानव सोनी को गाजियाबाद के वैशाली से गिरफ्तार किया गया था।
चण्डीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नौनीहाल सिंह ने बताया, "पारस के पांच अन्य सहयोगियों उपेंद्र, अजय, अनुज और भूरा को गिरफ्तार किया। सभी गाजियाबाद के पिलखुआ के रहने वाले हैं।"
उन्होंने बताया कि उनके पास से लूटे गए 10 से 12 करोड़ रुपये के आभूषण और 2.5 लाख के अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने इसके साथ ही एक करोड़ रुपये मूल्य के नोकिया और सैमसंग के करीब 1,000 मोबाइल फोन बरामद किए हैं जिन्हें दिल्ली-हरियाणा सीमा के नजदीक गोदामों से चुराया गया था।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने चण्डीगढ़ के तनिष्क शोरूम में डकैती को अंजाम देने के लिए दिल्ली के आजाद मार्केट से पुलिस वर्दी खरीदी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications