आपसी विवाद को पीछे छोड़ा करूणाकरन के बच्चों ने
त्रिचूर (केरल), 16 जनवरी (आईएएनएस)। दिवंगत कांग्रेस नेता के. करूणाकरन के बेटे व बेटी ने आपसी विवादों को पीछे छोड़ते हुए रविवार को एकजुट होने की घोषणा की। दोनों ने कहा है कि गत पांच वर्षो से मतभेदों के चलते उनके परिवार में जो तनाव चल रहा था, उसे उन्होंने समाप्त करने का फैसला किया है।
ज्ञात हो कि गत वर्ष 24 दिसम्बर को करूणाकरन का निधन हो गया था। उन्होंने अपने बेटे के. मुरलीधरन और बेटी पद्मजा वेणुगोपाल के बीच सम्बंधों को सुधारने की बहुत कोशिश की थी लेकिन वह इसमें असफल रहे थे।
मुरलीधरन और पद्मजा ने रविवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। मुरलीधरन ने कहा, "हमलोगों ने अन्तर्मन से यह फैसला किया है कि हमारा परिवार अब एकजुट रहेगा और इसमें कोई राजनीतिक मतभेद का स्थान नहीं होगा। हमारे पिता चाहते थे कि हमारा परिवार राजनीति के साथ-साथ परिवार के रूप में भी एकजुट रहे।"
पद्मजा ने कहा कि उनके दिवंगत पिता परिवार को एकजुट देखना चाहते थे। "यह पिताजी के जीवित रहने ही हो जाना चाहिए था। हमारे एकजुट न होने का कुछ लोगों ने लाभ उठाया। अब हमारे मतभेद खत्म हो चुके हैं। हमने अपने भूत को पीछे छोड़ दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications