तासीर के हत्यारे को हर हाल में मिले सजा : मुशर्रफ
इस्लामाबाद, 16 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब प्रांत के गवर्नर सलमान तासीर की हत्या की निंदा करते हुए पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने कहा कि उनके हत्यारे को हर हाल में सजा मिलनी चाहिए।
समाचार पत्र एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक मुशर्रफ ने लंदन में अपनी पार्टी ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एपीएमएल) के एक सम्मेलन में कहा, "तासीर की हत्या निंदनीय है और उनके हत्यारे को हर हाल में सजा मिलनी चाहिए।"
ज्ञात हो कि मुमताज कादरी ने पिछले दिनों तासीर की गोली मार कर हत्या कर दी थी। कादरी गवर्नर के विशेष सुरक्षा दस्ते का सदस्य था। गवर्नर तासीर, इस्लामाबाद में कोहसार बाजार में जिस समय एक कॉफी की दुकान से निकल कर अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान कादरी ने बिल्कुल नजदीक से नौ गोलियां गवर्नर के शरीर में उतार दी थी।
कादरी ने कहा कि उसने गवर्नर द्वारा ईश निंदा कानून का विरोध करने के लिए उनकी हत्या की।
मुशर्रफ ने कहा कि मुसलमान ईश निंदा कानून के प्रति बड़े ही संवेदनशील है। यह विवादास्पद कानून बने रहना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि मुशर्रफ वर्ष 2008 से ही स्व निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने हाल में अपनी पार्टी एपीएमएल का कार्यालय क्वेटा और डेरा बुगती में शुरू में की है। उनकी पाकिस्तान लौटने और वर्ष 2013 में होने वाले आम चुनाव में भाग लेने की इच्छा है।
उनकी पार्टी की शाखाएं अमेरिका और कनाडा में भी है और मुशर्रफ ने दावा किया है कि वहां उन्हें प्रवासी पाकिस्तानियों का भरपूर समर्थन मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications