जेपीसी की मांग जारी रहेगी, संसद भी चले : करात
दो दिवसीय पोलित ब्यूरो की बैठक के बाद संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए करात ने कहा, "हमने पार्टी में इस बारे में चर्चा किया है और हम अपनी मांग जारी रखेंगे। साथ ही हम चाहते हैं संसद की कार्यवाही भी चले।"
फरवरी के तीसरे सप्ताह में आरम्भ हो रहे बजट सत्र में पार्टी की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर करात ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, "सवाल यह है कि दोनों चीजें कैसे होंगी। हमने इसके लिए तय किया है कि हम उन सभी धर्मनिरपेक्ष दलों से वार्ता करेंगे जो हमारे साथ सहयोग कर रहे हैं। हम कोई रास्ता निकालेंगे।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा स्वत: ही संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के समक्ष उपस्थित होने की पेशकश के बारे में पूछे जाने पर करात ने कहा, "मैंने कहा है कि पीएसी के पास किसी मंत्री तक को बुलाने का प्रावधान नहीं है। यह सिर्फ राजनीतिक कवायद है। बेहतर होगा प्रधानमंत्री पीएसी में उपस्थित होने की बजाए जेपीसी का गठन करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications