पेट्रोल महंगा करना आम आदमी के खिलाफ षडयंत्र : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "महंगाई जहां अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री की असफलता है वहीं पेट्रोल मूल्य वृद्धि आम आदमी के खिलाफ षडयंत्र है। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की गलत नीतियों के कारण देश में भयंकर महंगाई है जबकि विश्व के अन्य देशों में खाद्य पदार्थो की कीमतें स्थिर हैं।"
उन्होंने कहा, "एक महीने के भीतर पेट्रोल की कीमतों में दो बार की गई मूल्य वृद्धि अन्याय ही नहीं बल्कि आम आदमी के पैसे की सरकार द्वारा लूट है। जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है ऐसे में जनता को जहां राहत की उम्मीद थी वहीं केंद्र सरकार ने पेट्रोल की कीमतों को बढ़ाकर आम आदमी पर और बोझ लाद दिया है।"
जावडेकर ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार सिर्फ पांच खाद्य पदार्थो की बढ़ी कीमतों के लिए जिम्मेदार मानते हैं, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी महंगाई के लिए गठबंधन को जिम्मेदार मानते हैं, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) इसे प्राकृतिक आपदा बताती है और प्रधानमंत्री सिर्फ खोखले वादे करते हैं। "यह पूरी तरह नीतियों की असफलता है और राजनीतिक दूरदृष्टि की कमी के कारण है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से मांग करती है कि वह पेट्रोल की कीमतों में की गई वृद्धि को तुरंत वापस ले और महंगाई पर एक महीने के भीतर काबू पाने के लिए ठोस कार्ययोजना लाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications