तनिष्क शोरूम लूटकांड मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
दोनों राज्यों की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शनिवार को गोरे खान गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। दो लोगों को दिल्ली से जबकि एक को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "यह चण्डीगढ़ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई थी। दो आरोपियों को दिल्ली के साउथ एक्स इलाके से तथा एक को गाजियाबाद के वैशाली इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से लूट की सामग्री बरामद कर ली गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।"
गौरतलब है कि पुलिस की वर्दी पहनकर करीब 10 से 15 लुटेरों ने इस घटना को अंजाम दिया था। लुटेरे बुधवार सुबह चण्डीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में स्थित तनिष्क शोरूम से 10 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण लूट कर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना पारस और उसके दो साथियों भूरे खान और मानव सोनी के रूप में की गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "उत्तर प्रदेश के जेल में बंद होने के दौरान आरोपी एक दूसरे से मिल चुके थे। इनमें से कुछ लोग मनीमाजरा में पिछले महीने से ही किराये के मकान में रह रहे थे। घटना को अंजाम देने से पहले इन्होंने दो बार तनिष्क शोरूम का मुआयना किया था।"
पुलिस के मुताबिक दिल्ली पुलिस द्वारा दो संदिग्ध लोगों की काल डिटेल की जानकारी हासिल करने के बाद इस मामले को सुलझाया जा सका।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications