सबरीमाला मंदिर के पास 30 के मरने की आशंका
वंदीपेरियार (केरल), 15 जनवरी (आईएएनएस)। सबरीमाला मंदिर के समीप शुक्रवार शाम को मकर ज्योति के दर्शन के बाद वापस लौट रहे हजारों श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़ में कई लोगों के मारे जाने की सूचना है। अपुष्ट रपटों के मुताबिक मृतकों की संख्या 30 और घायलों की संख्या 40 से अधिक है।
रपटों के मुताबिक यह दुर्घटना पुलमेदु के समीप हुई। श्रद्धालु तीर्थयात्रा में शामिल होकर वापस लौट रहे थे तभी एक जीप श्रद्धालुओं के एक समूह के बीच आ गई।
गृह राज्य मंत्री कोदियेरी बालाकृष्णन ने इस घटना को 'एक बड़ी त्रासदी' बताया।
बालाकृष्णन ने कहा, "मैंने पुलिस महानिदेशक जैकब पून्नूस को घटनास्थल पर पहुंचने के लिए कहा है। यह एक बड़ा हादसा है और इस क्षण हम मारे गए लोगों की संख्या बताने में सक्षम नहीं हैं।"
उन्होंने कहा कि यह हादसा निर्जन क्षेत्र में हुआ है और वहां से संचार सुविधा की कोई व्यवस्था नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पुलमेदु सबरीमाला मंदिर से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications