विकलांग सैनिकों का वर्ष होगा 2011 : सेना प्रमुख
नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। थल सेना प्रमुख वी.के. सिंह ने शनिवार को कहा कि भारतीय सेना वर्ष 2011 को विकलांग सैनिकों के वर्ष के रूप में मनाएगी। इसके तहत उन सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा जो विभिन्न अभियानों में घायल या विकलांग हो गए हैं।
यहां आयोजित 63वें सेना दिवस परेड के मौके पर सिंह ने कहा, "हम अपने शहीदों को सम्मान देते रहे हैं और अब अभियानों में विकलांग हुए सैनिकों के सम्मान का समय आया है।"
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष विकलांग सैनिकों के पुनर्वास, प्रशिक्षण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। सैनिकों की विधवाओं को 25,000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा तथा उनके बच्चों की शिक्षा के लिए मासिक 400 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा ह्वीलचेयर पर निर्भर सैनिकों को 20,000 रुपये दिए जाएंगे।
आतंकी गतिविधियों के खिलाफ अभियानों का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा, "हमारी इकाइयां जम्मू एवं कश्मीर तथा पूर्वोत्तर में शांति एवं सुरक्षा कायम रखने में सफल रही हैं। हम पूर्वोत्तर में तैनात पुलिस बलों को प्रशिक्षण मुहैया करा रहे हैं, ताकि उनकी क्षमता बढ़े और वे आंतरिक सुरक्षा का दायित्व निभा सकें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications