श्रद्धालुओं ने पंचेश्वर संगम में डुबकी लगाई
चम्पावत (उत्तराखण्ड), 15 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के चम्पावत जनपद के नेपाल सीमा के निकट प्रसिद्ध तीर्थ पंचेश्वर संगम में उत्तरायणी के अवसर पर देश के विभिन्न इलाकों एवं नेपाल से पहुंचे हजारों श्रद्घालुओं ने डुबकी लगाई।
शनिवार को सुबह से ही पर्व स्नान का दौर शुरू हो गया था। देश के विभिन्न इलाकों सहित नेपाल से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूर्जा-अर्चना कर मन्नतें मांगी। इसके साथ ही रामेश्वर तीर्थ में भी हजारों श्रद्धालुओं ने रामगंगा व सरयू के पावन संगम पर स्नान कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
मौसम खुशगवार होने के कारण स्नान पर्व पर पिछले सालों के मुकाबले इस साल श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। मेले के दौरान लोहाघाट, चम्पावत, पिथौरागढ़ तथा नेपाल के दूर-दराज से पहुंचे व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाई हुई थीं। इस मौके पर दर्जनों बच्चों तथा युवकों का जनेऊ संस्कार भी हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications