मप्र में किसानों को एक प्रतिशत ब्याज पर कर्ज
प्रदेश में पिछले दिनों पड़ी प्रकृति की मार ने फसल को चौपट कर दिया है। इसी के चलते एक माह में अब तक आठ किसान आत्महत्या कर चुके हैं। पांच अन्य ने आत्महत्या की कोशिश की। इन घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने तीन जिलों भोपाल, सीहोर व नरसिंहपुर के खेतों में जाकर हालात का जायजा लेने के बाद किसानों को राहत देने के कदम उठाए।
बीते रोज चौहान ने प्रकृति की मार खाए किसानों को राहत देने के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष प्रबंध किए जाने के साथ ही लगान माफ व वसूली स्थगित करने का एलान किया था। इस पर धन्यवाद देने मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे किसानों से चर्चा करते हुए चौहान ने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष से किसानों को एक प्रतिशत की ब्याज दर से कर्ज दिया जाएगा। इतना ही नहीं उनके कर्ज का एक साल का ब्याज सरकार वहन करेगी।
प्रदेश में किसानों को वर्तमान में तीन प्रतिशत की ब्याज दर से कर्ज मिलता है, मगर अब एक प्रतिशत की ब्याज दर पर कर्ज मिलेगा। मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य होगा जहां किसानों को इतनी कम ब्याज दर पर कर्ज मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications