बांदा बलात्कार मामला : पीड़ित लड़की रिहा हुई
चित्रकूट परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. के. माथुर ने आईएएनएस को बताया कि पीड़ित लड़की की रिहाई कर दी गई है लेकिन लड़की को अभी घर तक नहीं पहुंचाया जा सका है। चूंकि लड़की को सुरक्षित घर पहुंचाने का अदालत का आदेश है, इसलिए यह प्रक्रिया अभी चल रही है।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के बहुचíचत बांदा बलात्कार कांड पर स्वत: संज्ञान लेते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने अवकाश होने के इस मामले की सुनवाई की। अदालत ने राज्य सरकार को पीड़ित लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
बांदा के नरैनी क्षेत्र के शहबाजपुर गांव की एक लड़की ने बसपा विधायक और उसके साथियों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया था। आरोपी विधायक पुरुषोत्तम द्विवेदी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। विधायक फिलहाल बांदा जेल में बंद है।
अदालत के आदेश के तत्काल बाद राज्य सरकार के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि लड़की को तत्काल रिहा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, क्योंकि सीबी-सीआईडी की जांच में उसे बेकसूर पाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार दोषी पुलिस वालों पर भी कार्रवाई करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।