उत्तर भारत में सर्दी से मामूली राहत (राउंडअप)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन बाद में धूप खिल गई। यहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मेरठ प्रदेश में सबसे सर्द स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक है। इसके अलावा इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी का 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सर्दी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 128 हो गई है। शुक्रवार को इलाहबाद, कौशाम्बी, सिद्धार्थनगर और ललितपुर में ठंड से एक-एक मौत की खबर है।

बिहार में राजधानी पटना सहित करीब-करीब सभी इलाकों में शनिवार सुबह धूप निकली, जिससे लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। शनिवार सुबह पटना का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य शहरों में गया का तापमान 8़ 0 डिग्री, पूर्णिया का 7़ 8 डिग्री तथा भागलपुर का 9़ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब, हरियाणा के विभिन्न इलाकों और उनकी संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ में शनिवार सुबह हल्की से लेकर औसत बारिश दर्ज की हुई। चण्डीगढ़ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शुक्रवार के तापमान से चार डिग्री ज्यादा था। शुक्रवार से अब तक यहां 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।

हरियाणा के अम्बाला शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 9.1 डिग्री व करनाल में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में काफी वृद्धि हुई है।

पंजाब में पटियाला शहर सबसे गर्म रहा। यहां 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अमृतसर में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा और यहां शुक्रवार को 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को औसत हिमपात और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश होने बाद यहां शीतलहर का दौर अभी जारी रहेगा। प्रदेश की राजधानी शिमला में शीतलहर जारी है। यहां न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लाहौल एवं स्पीति जिले का केलांग क्षेत्र प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह से यहां 45 सेंटीमीटर बर्फबारी हो चुकी है।

किन्नौर जिले के कालपा में 21.5 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। भुंतर में 4.8 डिग्री सेल्सियस व धर्मशाला में 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग कार्यालय के एक अधिकारी ने यहां बताया, "किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति और चम्बा जिलों के जनजातीय इलाके में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत हिमपात दर्ज किया गया।"

कश्मीर घाटी में शनिवार को हुई भारी बर्फबारी के बाद जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। बर्फ से सड़कें जाम हो गईं, बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और सर्दी बढ़ जाने के कारण लोग अपने घरों के अंदर ही रहने को मजबूर हो गए।

घाटी को शेष देश से जोड़ने वाला अकेला सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा।

प्रांतीय प्रशासन के अधिकारी ने यहां बताया कि श्रीनगर में शनिवार सुबह तक छह से नौ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई जबकि उत्तरी कश्मीर के सोनमर्ग में 18 इंच हिमपात दर्ज किया गया। गुलमर्ग स्काई रिसॉर्ट में 18 से 24 इंच मोटी बर्फ की तह जम गई है।

अधिकारी ने कहा, "शनिवार सुबह तक पहलगाम में 12 इंच बर्फबारी दर्ज की गई।" उन्होंने कहा कि बर्फ को हटाने वाली मशीनें श्रीनगर भेजी गई हैं ताकि परिवहन शुरू हो सके।

श्रीनगर को विभिन्न जिलों से जोड़ने वाले सड़क मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। घाटी के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार शाम से ही बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है।

इस बीच मौसम विज्ञान कार्यालय का कहना है कि भारी हिमपात से रविवार तक राहत मिल सकेगी।

मौसम विज्ञानी मुबीन अहमद मलिक ने बताया, "रविवार से मौसम में सुधार शुरू हो जाएगा।" शनिवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि लेह में तापमान शून्य से 9.4 डिग्री नीचे रहा।

मलिक ने बताया, "पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और करगिल में शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+