मिर्चपुर हिंसा : जाट समुदाय ने दी चेतावनी, सीबीआई जांच की मांग
जाट समयुदाय के 42 खाप पंचायतों के नेताओं की यहां हुई बैठक के बाद यह चेतावनी दी गई है। प्रदर्शनकारी इस मामले की सुनवाई का स्थानांतरण नई दिल्ली से हिसार करने और गिरफ्तार युवाओं की रिहाई की मांग भी कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद इस मामले की सुनवाई पिछले महीने नई दिल्ली स्थानांतरित कर दी गई। इस मामले में करीब 98 जाट युवकों को गिरफ्तार किया गया था।
इस बीच प्रदर्शनकारियों की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रिजर्व पुलिस की 45 कम्पनियों को मौके पर रवाना कर दिया है। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।
जिंद के पुलिस अधीक्षक राम सिंह ने बताया, "हमें सूचना मिली है कि कुछ लोग सड़क और रेल यातायात अवरुद्ध करने की योजना बना रहे हैं। अभी तक उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हमने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं।"
जाट महापंचायत ने अपनी मांगों को 15 जनवरी से पहले स्वीकार करने के लिए राज्य सरकार को चेतावनी जारी की है।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष हिसार जिले के मिर्चपुर गांव में जाट समुदाय के लोगों ने दलित परिवारों के घरों में आग लगा दी थी। इस घटना में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग और उसकी 18 वर्ष की शारीरिक रूप से विकलांग लड़की की मौत हो गई थी जबकि कम से कम 18 घर जलकर राख हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications