समझौता विस्फोट : असीमानंद का बयान दर्ज
गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजे गए असीमानंद को अम्बाला जेल में रखा गया था, यहां से उन्हें सीजेएम राकेश सिंह के न्यायालय में 12.15 बजे पेश किया गया।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को एक दंडाधिकारी के समक्ष असीमानंद का बयान दर्ज करने के लिए एक याचिका दायर की।
न्यायालय ने इस मामले की सुनवाई बंद कमरे में की। सुनवाई के दौरान पत्रकारों को न्यायालय में प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
दक्षिण पंथी हिंदू समूह अभिनव भारत के सदस्य असीमानंद को समझौता एक्सप्रेस विस्फोट में उनकी कथित संलिप्तता पर गत 23 दिसम्बर को हैदराबाद से यहां लाया गया।
असीमानंद वर्ष 2007 में मक्का मस्जिद में हुए विस्फोट में भी आरोपी हैं। इस विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई थी।
एनआईए गत 18 फरवरी 2007 को समझौता एक्सप्रेस में हुए विस्फोट में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है। समझौता एक्सप्रेस में विस्फोट पानीपत के समीप दिवाना गांव में हुआ। एक्सप्रेस के दो डिब्बों में हुए विस्फोट में 68 लोगों की मौत हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो ने असीमानंद को मक्का मस्जिद विस्फोट में उनकी कथित भूमिका के लिए गत 19 नवंबर को हरिद्वार से गिरफ्तार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications