उप्र में सर्दी से मामूली राहत
लखनऊ, 15 जनवरी(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित समूचे राज्य में दिन और रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे लोग सर्दी से मामूली राहत महसूस कर रहे हैं।
लखनऊ में शनिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन बाद में धूप खिल गई। यहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान मेरठ प्रदेश में सबसे सर्द स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक है। इसके अलावा इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी का 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। आने वाले दिनों में सर्दी और शीतलहर में कमी आने के आसार हैं।
उधर राज्य में सर्दी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 121 हो गई है। शुक्रवार को इलाहबाद, कौशाम्बी, सिद्धार्थनगर और ललितपुर में ठंड से एक-एक मौत की खबर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications