सबरीमाला हादसा, मरने वालों की संख्या 104 हुई (लीड-3)
वेंदिपेरियार/कुमिली (केरल), 15 जनवरी (आईएएनएस)। केरल के इदुक्की जिले में शुक्रवार रात प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सबरीमाला मंदिर के समीप मची भगदड़ में शनिवार को और अधिक शवों के बरामद होने के बाद मरने वालों की संख्या 104 तक पहुंच गई है।
यह हादसा उस समय हुआ था जब श्रद्धालु मकर ज्योति का दर्शन कर वापस लौट रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक सबरीमाला मंदिर से 30 किलोमीटर दूर पुलमेदू के पास श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मची थी। यह हादसा लगभग आठ बजे रात को हुआ।
यह हादसा वेंदिपेरियार कस्बे से लगभग 10 किलोमीटर दूर पुलमेदू के पास हुआ। घटनास्थल सबरीमाला मंदिर से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़ में कम से कम 160 लोग घायल हुए हैं।
हादसे के शिकार अधिकांश मृतकों और घायलों को कुमिली के सरकारी अस्पताल में लाया गया है।
राज्य के वित्त मंत्री थॉमस इस्साक ने सुबह अस्पताल पुहंचकर घायलों का हालचाल जाना। इस्साक ने कहा कि इदुक्की और कोट्टायम के निजी अस्पतालों में भर्ती कराये गए घायलों के ईलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
इस्साक ने कहा, "इस दुर्घटना की जांच कराई जाएगी । इस हादसे में मारे गए लोगों के शवों को उनके घरों तक पहुंचाने का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। प्रथम दृष्टया घायलों के लिए 5,000 रुपये की राशि मंजूर की गई है।"
राज्य के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ई.एम. अगुस्थे ने कहा, "अभी तक 43 शवों की पहचान की जा चुकी है। मरने वालों में अधिकांश लोग आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तामिलनाडु के हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications