सबरीमाला हादसे में मरने वालों की संख्या 97 तक पहुंची (लीड-2)

वेंदिपेरियार (केरल), 15 जनवरी (आईएएनएस)। केरल के इदुक्की जिले में शुक्रवार रात प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सबरीमाला मंदिर के समीप मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या 97 तक पहुंच गई है। यह हादसा उस समय हुआ था जब श्रद्धालु मकर ज्योति का दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

अधिकारियों के मुताबिक सबरीमाला मंदिर से 30 किलोमीटर दूर पुलमेदू के पास श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मची। यह हादसा लगभग आठ बजे रात को हुआ।

कांग्रेसी सांसद पी.टी. थॉमस ने कहा कि अभी तक 71 शव बरामद किए जा चुके हैं। घायलों का ईलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

थॉमस ने कहा, "यह हादसा पुलमेदू में लगभग 8 बजे के आसपास हुआ। पूरा क्षेत्र वाहनों और एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं से भरा हुआ था। श्रद्धालु मकर ज्योति का दर्शन कर वापस लौट रहे थे।"

थॉमस के मुताबिक अचानक एक जीप अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुंसी जिससे अफरा-तफरी मच गई और यही संभवत: हादसे का कारण भी बनी।

सबरीमाला मंदिर के पास मकर ज्योति का दर्शन करने आने वालों में अधिकांशत: आंध्र प्रदेश, तामिलनाडु और कर्नाटक के लोग शामिल थे।

राज्य के बंदरगाह मंत्री वी. सुरेंद्रन पिल्लै ने शनिवार तड़के घायलों का हाल जानने के लिए वेंदिपेरियार स्थित अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हादसे में मरने वालों और घायलों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पिल्लै ने कहा, "हादसे में अपनी जान गवां चुके लोगों के शवों को उनके घर भेजा जाएगा। राज्य सरकार इस बात पर जल्द ही फैसला लेगी कि पीड़ितों के शवों को कैसे उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।"

राज्य में विपक्ष के नेता ओम्मन चंडी ने इस दुर्घटना के बाद अपनी राज्यव्यापी यात्रा को रद्द कर दिया है। चंडी भी वेंदिपेरियार स्थित अस्पताल में घायलों का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह हादसा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जाएगी।

राज्य के पुलिस महानिदेशक जैकब पुनोसे ने भी अस्पताल का दौरा कर घायलों की हालत का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचना काफी कठिन है क्योंकि वहां तक जाने के लिए एक सकरा रास्ता ही है। उन्होने कहा, "अंधेरा होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में देरी हुई।"

उधर, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने इस दुर्घटना को बड़ी त्रासदी करार दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों को हरसंभव मदद करने के लिए कहा गया है। एंटनी ने कहा, "यह हादसा एक राष्ट्रीय त्रासदी है।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+