सबरीमाला मंदिर के पास भगदड़, 60 श्रद्धालुओं की मौत (लीड-1)
वेंदिपेरियार (केरल), 15 जनवरी (आईएएनएस)। केरल के इदुक्की जिले में शुक्रवार रात प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सबरीमाला मंदिर के समीप मकर ज्योति का दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़ में 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ सबरीमाला मंदिर से 30 किलोमीटर दूर जंगली क्षेत्र पुलमेदू के पास हुई। यह हादसा लगभग आठ बजे हुआ। अधिकारियों के मुताबिक मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलमेदू में एक लाख से अधिक श्रद्धालु एकत्र हुए थे।
सबरीमाला मंदिर के पास मकर ज्योति का दर्शन करने वालों में अधिकांशत: आंध्र प्रदेश, तामिलनाडु और कर्नाटक के लोग शामिल थे।
राज्य के शिक्षा मंत्री एम.ए. बॉबी ने कहा कि कुछ लोग एक जीप को धक्का दे रहे थे और वह अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी। इसी वजह से संभवत: यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा, "जिस जगह पर यह हादसा हुआ है वहां दूरसंचार की खास सुविधा नही है। रात का समय होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने में भी देरी हुई। राज्य सरकार की तरफ से बड़े पैमान पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है।"
बचाव अभियान में शामिल वन सुरक्षाकर्मी साजी के मुताबिक हादसे में मरने वालों की संख्या लगभग 100 हो सकती है। साजी ने कहा, "55 से अधिक शवों को स्थानीय अस्पताल में भेजा जा चुका है जबकि और अधिक शवों को इक्कठा किया जा रहा है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
कांग्रेसी सांसद पी.टी. थॉमस ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की चूक की वजह से यह हादसा हुआ है।
थॉमस ने कहा, "पुलमेदू में एक लाख से अधिक श्रद्धालु एकत्र हुए थे और वहां पर केवल चार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। अधिकारी इस इलाके में लोगों को पार्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम साबित हुए।"
उधर, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने इस दुर्घटना को बड़ी त्रासदी करार दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों को हरसंभव मदद करने के लिए कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications