सबरीमाला हादसे में 104 की मौत, केरल में शोक की लहर (लीड-6)
उधर, सरकारी रिपोर्ट में शनिवार को कहा गया कि टैक्सी, ऑटोरिक्शा चालकों तथा श्रद्धालुओं के बीच विवाद के हिंसक रूप लेने के बाद भगदड़ मची।
इस बीच केरल में तीन दिन के शोक की घोषणा की गई है। इस हादसे में लगभग 60 लोग घायल हुए हैं।
राज्य वन विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि टैक्सी, ऑटोरिक्शा चालकों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच विवाद के हिंसक रूप लेने के बाद लोगों के बीच भगदड़ मची।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलुमेदू में मकर ज्योति के दर्शन के लिए काफी लोग एकत्र थे। दर्शन करने के बाद कुछ श्रद्धालु वेंदिपेरियार जाने के लिए ऑटोरिक्शा पकड़ने गए क्योंकि ऑटोरिक्शा वहां टैक्सी के रूप में चलने वाली जीप से कम किराया वसूल रहे थे।
किराये को लेकर जीप और टैक्सी चालकों से विवाद हो गया। इस विवाद में कुछ श्रद्धालु भी शामिल हो गए। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और कुछ गुस्साए श्रद्धालुओं ने जीप के शीशे तोड़ दिए, जिससे लोगों में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई। इसकी वजह से वहां भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वहां रास्ता संकरा था और भीड़ बहुत ज्यादा थी। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिसकर्मी भी बहुत कम तादाद में तैनात थे।
शवों को पहले वेंदिपेरियार स्थित सरकारी अस्पताल लाया गया था और फिर वहां से उन्हें इदुक्की जिले के कुमिली में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यह अस्पताल घटनास्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर है।
अधिकारियों के मुताबिक अब तक 70 से ज्यादा शवों की पहचान की जा चुकी है। इनमें तमिलनाडु के 29, कर्नाटक 25, आंध्र प्रदेश के 16 और केरल के तीन नागरिक शामिल हैं। हादसे में मरने वालों में एक श्रीलंकाई नागरिक भी है।
इससे पहले राज्य के वित्त मंत्री थॉमस इस्साक ने कुमिली अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा था कि जीप के अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस जाने से लाखों श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मची।
राज्य के मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन नौसेना के हेलीकॉप्टर से कुमिली पहुंचे। इस मौकेपर उन्होंने राज्य में शनिवार को अवकाश तथा तीन दिन के शोक की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार सुबह अच्युतानंदन से बात की और हादसे के प्रति गहरा दुख जताया। उन्होंने इस हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के निकट सम्बंधियों को एक लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
अच्युतानंदन ने कहा कि राज्य सरकार भी घायलों और मृतकों के निकट सम्बंधियों के लिए मुआवजे की घोषणा करेगी।
वित्त मंत्री इस्साक ने कहा, "हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी और राज्य सरकार पीड़ितों के शवों को उनके घरों तक पहुंचाने का सारा खर्च वहन करेगी। प्रारम्भ में प्रत्येक घायल के लिए 5,000 रुपये की राशि मंजूर की गई है।"
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पी.के. श्रीमाथी ने भी कुमिली सरकारी अस्पताल का दौरा किया।
उधर, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने इसे राष्ट्रीय त्रासदी करार देते हुए कहा कि उन्होंने सुरक्षाबलों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications