कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी, जनजीवन प्रभावित
घाटी को शेष देश से जोड़ने वाला अकेला सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा।
प्रांतीय प्रशासन के अधिकारी ने यहां बताया कि श्रीनगर में शनिवार सुबह तक छह से नौ इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई जबकि उत्तरी कश्मीर के सोनमर्ग में 18 इंच हिमपात दर्ज किया गया। गुलमर्ग स्काई रिसॉर्ट में 18 से 24 इंच मोटी बर्फ की तह जम गई है।
उन्होंने कहा, "शनिवार सुबह तक पहलगाम में 12 इंच बर्फबारी दर्ज की गई।"
अधिकारी ने बताया कि बर्फ को हटाने वाली मशीनें श्रीनगर भेजी गई हैं ताकि परिवहन शुरू हो सके।
श्रीनगर को विभिन्न जिलों से जोड़ने वाले सड़क मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। घाटी के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार शाम से ही बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है।
इस बीच मौसम विज्ञान कार्यालय का कहना है कि भारी हिमपात से रविवार तक राहत मिल सकेगी।
मौसम विज्ञानी मुबीन अहमद मलिक ने बताया, "रविवार से मौसम में सुधार शुरू हो जाएगा।" शनिवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि लेह में तापमान शून्य से 9.4 डिग्री नीचे रहा।
मलिक ने बताया, "पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और करगिल में शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications