सबरीमाला हादसे में 104 मरे, 3 दिन के शोक की घोषणा (लीड-5)

वेंदिपेरियार/कुमिली (केरल), 15 जनवरी (आईएएनएस)। केरल में प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर के समीप शुक्रवार रात मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या 104 तक पहुंच गई है। हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। केरल सरकार ने राज्य में तीन दिन के शोक की घोषणा की है।

हादसे के बाद शवों को वेंदिपेरियार स्थित सरकारी अस्पताल लाया गया था। शवों को यहां से इदुक्की जिले के कुमिली में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यह अस्पताल घटनास्थल से लगभभ 15 किलोमीटर दूर है।

कुमिली अस्पताल में 60 चिकित्सक पोस्टमार्टम करने में जुटे हुए हैं। इस अस्पताल में बहुत से लोग अपने निकट सम्बंधियों की तलाश में पहुंचे हैं।

यह हादसा शुक्रवार रात करीब आठ बजे उस समय हुआ था जब श्रद्धालु मकर ज्योति का दर्शन कर लौट रहे थे। सबरीमाला मंदिर से लगभग 30 किलोमीटर दूरी पर एक जीप के अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में अचानक घुस जाने से यह हादसा हुआ।

अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में मरने वालों में एक श्रीलंकाई नागरिक भी शामिल है। मरने वालों में अभी तक तमिलनाडु के 18, कर्नाटक 12, आंध्र प्रदेश के छह और केरल के तीन नागरिकों की पहचान की चुकी है।

राज्य के वित्त मंत्री थॉमस इसाक ने सुबह अस्पताल पुहंचकर घायलों का हालचाल जाना। इसाक ने कहा कि इदुक्की और कोट्टायम के निजी अस्पतालों में भर्ती कराये गए घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

इसाक ने कहा, "हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी और राज्य सरकार पीड़ितों के शवों को उनके घरों तक पहुंचाने का सारा खर्च वहन करेगी। प्रारम्भ में प्रत्येक घायल के लिए 5,000 रुपये की राशि मंजूर की गई है।"

इदुक्की से कांग्रेसी सांसद थॉमस ने कहा, "हमें बताया गया है कि यह हादसा पुलुमेदू में लगभग आठ बजे हुआ। पूरा क्षेत्र वाहनों और एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं से भरा हुआ था। श्रद्धालु मकर ज्योति का दर्शन कर लौट रहे थे।"

थॉमस ने कहा कि अभी तक वेंदिपेरियार अस्पताल में 71 शवों को लाया गया है और सभी का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

थॉमस के मुताबिक अचानक एक जीप अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी जिससे अफरा-तफरी मच गई और यही संभवत: हादसे का कारण भी बनी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ई.एम.अगस्ते ने कहा, "अभी तक 43 शवों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें अधिकांश लोग आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु से हैं।"

राज्य में विपक्ष के नेता ओम्मन चांडी वेंदिपेरियार स्थित अस्पताल में घायलों का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने हादसे की जांच कराने की मांग की है।

उधर, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने इसे राष्ट्रीय त्रासदी करार देते हुए कहा कि उन्होंने सुरक्षाबलों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+