कराची में गोलीबारी, 12 की मौत

कराची में गोलीबारी, 12 की मौत

रियाज़ सुहैल

बीबीसी उर्दू संवाददाता, कराची से

गोलीबारी के बाद कई इलाक़ों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

पाकिस्तान के कराची शहर में एक बार फिर कथित नस्ली हत्याओं का सिलसिला शुरु हो गया है जिस में अब तक 12 लोग मारे गए हैं.

ताज़ा हत्याओं की घटनाएँ उस समय शुरु हुई जब कुछ अज्ञात लोगों ने अवामी नेशनल पार्टी के स्थानीय नेता बशीर जान पर गोलीबारी की. पुलिस का कहना है कि शहर में अधिकतर हत्याएं गोलीबारी से हुई हैं.

अवामी नेशनल पार्टी के प्रवक्ता क़ादिर ख़ान ने बीबीसी को बताया कि गोलीबारी की घटना में उनकी पार्टी के नेता और उन का ड्राईवर घायल हो गए. डॉक्टरों के अनुसार ड्राईवर गंभीर स्थिति में हैं.

उस घटना के बाद कराची के इलाक़े औरंगी टाऊन और बनारस सहित कई इलाक़ों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है जहाँ पुलिस और अर्थसैनिक बलों को तैनात किया गया है.

पत्रकार की हत्या

उस से पहले एक न्यूज़ चैनल के रिपोर्टर की गोली मार कर हत्या कर दी गई. जियो टीवी के रिपोर्टर वली ख़ान बाबर अपने घर लौट रहे थे. रास्ते में कार पर बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोका और फिर काफ़ी नज़दीक से उन्हें गोली मार दी.

घटना कराची के लियाक़तबाद इलाक़े में हुई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम इस हत्या के कारणों की जाँच कर रहे हैं. लेकिन फ़िलहाल ये कहना मुश्किल है कि ये सोची समझी साज़िश के तहत हुआ है."

कराची में 2008 से अब तक कथित तौर पर नस्ली हत्याओं में कई सौ लोग मारे जा चुके हैं. इन हत्याओं के लिए मुत्ताहिद क़ौमी मूवमेंट और अवामी नेशनल पार्टी एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं.

संवेदनशील इलाक़ों में अर्थसैनिक बलों को तैनात किया गया है.

सत्ता की लड़ाई

मुत्ताहिदा क़ौमी मूवमेंट विभाजन के बाद भारत से आए उर्दूभाषियों या मुहाजिरों का नेतृत्व करती है जबकि अवामी नेशनल पार्टी पठानों की राजनीतिक पार्टी है. दोनों दल पिछले कई सालों से शहर में अपना प्रभाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.

अवामी नेशनल पार्टी का कहना है कि मुत्ताहिदा क़ौमी मूवमेंट उस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निशाना बना रही है.

मुत्ताहिदा क़ौमी मूवमेंट ने इन आरोपों का खंडन किया है और कहा कि तालिबान विद्रोहियों की मदद से अवामी नेशनल पार्टी शहर में अपना नियंत्रण बनाए रखने केलिए उस के कार्यकर्ताओं की हत्या कर रही है.

पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि पिछले साल कराची में 711 लोगों की विभिन्न घटनाओं में हत्या कर दी गई.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+