सीएजी के बयान पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने गुरुवार को 2जी स्पेक्ट्रम विवाद पर अपनी टिप्पणी को सम्भावित अवमानना के दायरे में बताने वाले नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के बयान पर आपत्ति जताई है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि सीएजी की रिपोर्ट संसद में पेश किए जाने से पहले 'सार्वजनिक' हो गई थी।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने आरोप लगाते हुए कहा कि सीएजी के अधिकारी 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की अपनी रिपोर्ट पर बयानों को लेकर अलग-अलग मापदंड अपनाते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीएजी ने गत 12 जनवरी को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया था। इसमें नियमों का हवाला देकर उसने कहा कि एक मामला जिसकी जांच एक संसदीय समिति कर रही हो उस पर कोई सांसद टिप्पणी नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा, "मैं एक सांसद के रूप में इस पर आश्चर्यचकित हूं। एक संवैधानिक संस्था द्वारा इस तरह की टिप्पणी करने पर मुझे आपत्ति है। एक सांसद होने के नाते यह मुझे चिंता में डालता है।"
नटराजन ने कहा कि इसमें संशोधन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह के नियम के बारे में जानकारी नहीं है।
नटराजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने जब रिपोर्ट को लेकर टिप्पणी की तब सीएजी ने कोई आपत्ति नहीं की।
उन्होंने कहा कि यदि रिपोर्ट के पक्ष और विरोध में टिप्पणी को लेकर सीएजी के अलग-अलग मापदंड हैं तो उन्हें हैरानी होगी।
नटराजन ने कहा, "रिपोर्ट को स्वीकार करने वालों के लिए अलग मापदंड और इसकी आलोचना करने वालों के लिए दूसरा मापदंड नहीं अपनाया जा सकता।"
प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सीएजी की रिपोर्ट संसद में पेश होने से पहले लीक हो गई। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के ब्योरे गत 19 अक्टूबर से समाचार पत्रों में आने लगे जबकि संसद में रिपोर्ट गत 16 नवंबर को पेश की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications