मप्र में आग लगाने वाले किसान की मौत
मालूम हो कि पटेरा थाना क्षेत्र के हरतालपुरा के नन्हे जोशी ने चार एकड़ जमीन पर अरहर की फसल बोई थी। इस फसल को पाले की मार और इल्ली लगभग चट कर गई। इतना ही नहीं उस पर 50 हजार रुपये का कर्ज था।
इन स्थितियों से परेशान होकर नन्हें ने गुरुवार को कैरोसिन डालकर आग लगा ली थी। उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया था। नन्हें ने मौत से पहले कहा था कि उसने फसल चौपट होने के चलते आग लगाई थी। परिजनों का भी कहना है कि उस पर कर्ज भी था।
दमोह के जिलाधिकारी एस. पी. एस. सलूजा ने आईएएनएस को बताया कि नन्हे की मौत हो गई है। प्रशासन की ओर से नन्हे के परिजनों को फौरी तौर पर 5000 रुपये की मदद दी गई है। आगे जो भी संभव होगा मदद दी जाएगी।
मालूम हो कि प्रदेश में बीते 29 दिनों में आठ किसान आत्महत्या कर चुके हैं। आत्महत्या करने वालों में दो किसान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर व तीन किसान कृषि मंत्री राम कृष्ण कुसमारिया के गृह जिले दमोह से आते हैं। इसके अलावा सागर, नरसिंहपुर व छिंदवाड़ा में एक-एक किसान ने आत्महत्या की है। वहीं दमोह में चार किसानों ने आत्महत्या की कोशिश की है, जिनका जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications