..जब एक मंच पर जुटे 60 दिग्गज उद्योगपति
मुम्बई, 14 जनवरी (आईएएनएस)। ऐसा कभी-कभी ही होता है, जब देश की दिग्गज कम्पनियों का संचालन करने वाले 60 उद्योगपति किसी कार्यक्रम में एक साथ मंच पर मौजूद हों और कुछ ही घंटों की अवधि में सिर्फ एक राज्य के लिए सैकड़ों अरबों डॉलर के निवेश की योजना बन जाए।
वर्तमान समय में जब देश के सभी राज्य घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों ही मोर्चो पर अधिक से अधिक निवेश जुटाने के लिए एक दूसरे से प्रतियोगिता कर रहे हैं, गुजरात ने एक नई दिशा देते हुए एक ऐसा मंच उपलब्ध कराया है, जहां से न सिर्फ गुजरात बल्कि दूसरे राज्यों में भी निवेश हो सकता है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर तैयार नए महात्मा मंदिर परिसर में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गुजरात उद्यमियों का देश है। वे देश में ज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रसार के लिए वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन को दूसरे राज्यों के साथ भी साझा कर रहे हैं।
सम्मेलन में भारतीय कारोबारी दिग्गजों ने मोदी की जमकर तारीफ की।
सम्मेलन में अपने बड़े भाई मुकेश अम्बानी के साथ मंच साझा करने वाले कारोबारी दिग्गज अनिल अम्बानी ने वक्तव्य शुरू करने से पहले अपने बड़े भाई को 'आदरणीय बड़े भाई श्री मुकेश अम्बानी' सम्बोधित किया। उन्होंने मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी राज्य में सबसे बड़े परिवर्तनकारी तत्व हैं।
कुमारमंगलम बिड़ला ने भी मोदी और उनकी पहल की तारीफ की और कहा कि दूसरे राज्यों को भी इस तरह की पहल करनी चाहिए।
सम्मेलन में 462 अरब डॉलर मूल्य के 7,936 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जिससे कुल लगभग 52 लाख रोजगार सृजन की सम्भावना बनी है।
यद्यपि इनमें से कितनी योजना हकीकत में पूरी होगी, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन सम्मेलन में निवेश की जिस राशि का वादा किया गया है, वह देश के कुल विदेशी पूंजी भंडार से अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications