थाने के बाहर अदा की जुम्मे की नमाज
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली में दो दिन पहले एक धार्मिक स्थल को अधिकारियों द्वारा ढहा दिए जाने पर शुक्रवार को लगभग 1,500 लोगों ने कड़ी सुरक्षा के बीच निजामुद्दीन थाने के सामने नमाज अदा की। उन्हें ध्वस्त धार्मिक स्थल पर जाने की इजाजत नहीं दी गई।
धार्मिक स्थल पर तैनात एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया, "जुम्मे की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। किसी को ध्वस्त धार्मिक स्थल पर जाने की इजाजत नहीं दी गई।"
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जंगपुरा में लगभग 3,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), त्वरित कार्य बल (आरएएफ) तथा दिल्ली पुलिस के जवान शामिल हैं।
गौरतलब है कि जंगपुरा में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने इस धार्मिक स्थल को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने ध्वस्त कर दिया है। इसके विरोध में बुधवार को 1,000 से अधिक प्रदर्शनकारी हजरत निजामुद्दीन थाने के बाहर इकट्ठा हो गए थे और सड़क को जमा कर दिया। वे धार्मिक स्थल को फिर से बनाने की मांग कर रहे हैं।
हिंसक प्रदर्शन के दौरान क्रुद्ध भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा था।
धार्मिक स्थल को दोबारा बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को भी प्रदर्शन किया था। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर जंगपुरा एवं आश्रम के बीच के मार्ग को बंद कर दिया गया था।
गुरुवार को क्षेत्र की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। दक्षिण दिल्ली में यातायात अवरुद्ध होने के कारण लोगों को अन्य इलाकों के मार्गो का सहारा लेना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications