राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से मिलेंगे तृणमूल समर्थक बुद्धिजीवी
वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करते हुए तृणमूल समर्थक बुद्धिजीवियों का सूमह रविवार को दिल्ली पहुंचेगा और गृहमंत्री पी. चिदंबरम सहित शीर्ष अधिकारियों को राज्य में 'अराजकता' और 'आतंक के राज' के बारे में जानकारी देगा।
समूह के सदस्य सोमवार सुबह राष्ट्रपति और शाम को प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मंगलवार दोपहर बाद उनकी गृहमंत्री से मिलने की योजना है।
रंगकर्मी ब्रत्या बसु ने बताया, "हम राज्य में राजनीतिक हत्याओं और अत्याचारों को बढ़ावा देने के बारे में नेताओं को बताएंगे। साथ ही कई सालों से खासकर पिछले कुछ महीने से बढ़ रही अराजकता के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। राज्य में प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है।"
एक अन्य रंगकर्मी अर्पिता घोष ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय नेताओं के साथ नेताई गांव के बारे में भी अपने अनुभव साझा करेगा, जहां सात जनवरी को सात लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के लिए सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को कथित रूप से जिम्मेदार ठहराया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications