उत्तर भारत में धूप खिली, सर्दी से राहत (लीड-1)
दिल्ली में शुक्रवार सुबह बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए औसत से एक डिग्री सेल्सियस कम है।
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित सभी हिस्सों में सर्दी जारी है। दिन में हालांकि धूप खिलने से लोग सर्दी से कुछ राहत महसूस कर रहे हैं। दिन और रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई है।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन बढ़ने के बाद धूप खिल गई जिससे लोग सड़कों, पार्को और घर की छतों पर आकर धूप का आनंद लेते नजर आये।
पिछले 24 घंटों के दौरान सुल्तानपुर प्रदेश में सबसे सर्द स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब पांच डिग्री कम है।
इसके अलावा इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस, बहराइच का 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था।
राज्य में सर्दी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 117 हो गई है। गुरुवार को गोंडा में चार, सीतापुर में दो और गोरखपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
बिहार में पटना सहित सभी इलाकों में मकर संक्रांति के दिन शुक्रवार सुबह तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई और धूप भी खिली।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पटना में सुबह तापमान 4़ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का तापमान 6़ 1, पूर्णिया का 5़ 4 डिग्री तथा भागलपुर का 9़ 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। यही कारण है कि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का न्यूनतम तापमान पांच से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि हवाओं का रुख पश्चिमी होने के कारण तापमान बढ़ेगा और सर्दी से राहत मिलेगी।
उधर, कश्मीर घाटी में शुक्रवार सुबह ताजा बर्फबारी होने से सामरिक रूप से महत्वपूर्ण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को ऐहतियात के तौर पर यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
मौसम विभाग कार्यालय के मुताबिक श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में तापमान शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तथा कारगिल का तापमान शून्य से 15.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 1ए को ऐहतियात के तौर पर बंद किया गया है।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सीमावर्ती क्षेत्रों केरन और तंगधर में दो फुट तक बर्फबारी होने से सड़क सेवा शुक्रवार सुबह बाधित हो गई।
श्रीनगर में एक वरिष्ठ यातायात अधिकारी ने बताया, "सड़कों पर फिसलन होने के कारण यातायात बंद किया गया है। शाम के समय स्थिति की समीक्षा की जाएगी।"
मौसम विभाग के एक अधिकारी आर. एल. पंडिता ने बताया, "उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे तथा जम्मू में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर था।"
हिमाचल प्रदेश में शिमला और उसके आसपास के पर्यटक स्थलों पर शुक्रवार सुबह ताजा बर्फबारी होने से इन पहाड़ी इलाकों की खूबसूरती बढ़ गई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि शिमला में हल्की बर्फबारी हुई जबकि उसके आसपास के पर्यटक स्थलों कुफ्री और नारकंडा में भी सामान्य बर्फबारी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक मनाली में भी बर्फबारी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications