सरिता विहार-बदरपुर लाइन पर मेट्रो सेवा शुरू
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। सरिता विहार-बदरपुर मेट्रो गलियारे पर भी शुक्रवार सुबह मेट्रो का परिचालन शुरू हो गया। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में पांच किलोमीटर और बढ़ गए।
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक इसके शुरू हो जाने के बाद केंद्रीय सचिवालय-बदरपुर कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या 1.25 लाख से बढ़कर 2.25 लाख तक पहुंच जाएगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक इस पर मोहन एस्टेट, तुगलकाबाद और बदरपुर स्टेशन होंगे। इस गलियारे के शुरू हो जाने के बाद दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के यात्रियों के साथ-साथ राजधानी के उपनगरीय इलाके फरीदाबाद (हरियाणा) के लिए आवागमन सुगम हो जाएगा।
सरिता विहार-बदरपुर लाइन के उद्घाटन के लिए पहली गाड़ी शुक्रवार सुबह आठ बजे चली। इस लाइन पर शनिवार सुबह छह बजे से मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।
डीएमआरसी के बयान में कहा गया है, "व्यस्त समय में इस कारिडोर पर स्टैंडर्ड गेज की चार अतिरिक्त मेट्रो ट्रेन चलाई जाएंगी, जिनकी समयावधि चार मिनट होगी। इस रेल लाइन पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए कुल 20 मेट्रो ट्रेन चलाई जाएंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications