कश्मीर में ताजा बर्फबारी, श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद
मौसम विभाग कार्यालय के मुताबिक श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में तापमान शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तथा कारगिल का तापमान शून्य से 15.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 1ए को ऐहतियात के तौर पर बंद किया गया है।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सीमावर्ती क्षेत्रों केरन और तंगधर में दो फुट तक बर्फबारी होने से सड़क सेवा शुक्रवार सुबह बाधित हो गई।
श्रीनगर में एक वरिष्ठ यातायात अधिकारी ने बताया, "सड़कों पर फिसलन होने के कारण यातायात बंद किया गया है। शाम के समय स्थिति की समीक्षा की जाएगी।"
मौसम विभाग के एक अधिकारी आर. एल. पंडिता ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ श्रीनगर में सक्रिय हो गया है, जिससे अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से लेकर भारी बर्फबारी होने की संभावना है।
पंडिता ने बताया, "उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे तथा जम्मू में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर था।"
पंडिता ने बताया कि श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications