बंगाल में कानून-व्यवस्था का जायजा लेगा निर्वाचन आयोग
नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में हाल की हिंसक घटनाओं के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को निर्णय लिया कि राज्य की कानून एवं व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वह छह सदस्यीय दल भेजेगा। राज्य में इसी वर्ष मई में विधानसभा चुनाव संभावित है।
आयोग की विज्ञप्ति में कहा गया है, "दल जल्द ही राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करेगा और मौके पर आकलन कर आयोग को रिपोर्ट देगा।"
विज्ञप्ति के अनुसार दल में पुलिस के पांच वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे, जिनका नेतृत्व बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी करेंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आयोग ने पश्चिम बंगाल में कानून एवं व्यवस्था पर मीडिया में आई खबरों को देखकर स्वतंत्र आकलन कराने का निर्णय लिया है।
आयोग ने कहा है, "भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव कराने के लिए कानून एवं व्यवस्था कायम रखना बहुत आवश्यक है।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में पांच महीने बाद विधानसभा चुनाव होना है, जबकि हाल में मुख्यधारा की विभिन्न पार्टियों के बीच कई राजनीतिक झड़पें हो चुकी हैं। इन झड़पों में दर्जनों लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications