मैं सरकारी वकील बना तो जेल जाएंगे राजा : स्वामी
लखनऊ, 13 जनवरी (आईएएनएस)। जनता पार्टी प्रमुख सुब्रमण्यम स्वामी ने गुरुवार को कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम मामले में अदालत अगर उन्हें सरकारी वकील बना देती है तो वह पूर्व दूरसंचार मंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) नेता ए.राजा को चार महीने के अंदर जेल भिजवा देंगे।
लखनऊ के नगर निगम स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में 'लोकतंत्र से लूटतंत्र तक' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में लोगों को संबोधित करते हुए स्वामी ने कहा, "अगर अदालत मुझे 2जी स्पेक्ट्रम मामले में सरकारी वकील बना देती है तो उस तारीख से चार महीने के अंदर राजा को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दूंगा।"
ज्ञात हो कि स्वामी ने दिल्ली के एक न्यायालय में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला मामले में राजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने राजा को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले का एक अभियुक्त बताते हुए यह भी अनुरोध किया था कि उन्हें सरकारी वकील के तौर पर यह मुकदमा लड़ने की अनुमति दी जाए।
अदालत इस मामले में स्वामी को सरकारी वकील बनाने पर पांच फरवरी को फैसला करेगी।
डीएमके नेता राजा पर बाजार की कीमतों से कम दामों पर स्पेक्ट्रम लाइसेंस आवंटित करने का आरोप है। इससे देश को राजस्व का भारी नुकसान पहुंचने का अनुमान है।
इस दौरान स्वामी ने लोगों से आह्वान किया को वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की शपथ लें। उन्होंने कहा, "हमें भ्रष्टाचार के सामने झुकना नहीं, बल्कि उससे मजबूती से लड़ना है, नहीं तो यह देश को नष्ट कर देगा।"
उन्होंने कहा कि हम अपने मूल्यों और संस्कृति को छोड़ रहे हैं और पाश्चात्य सभ्यता के भौतिकवाद को अपना रहे हैं। यही भ्रष्टाचार का मुख्य कारण है। भौतिकवाद का भारतीय संस्कृति के साथ समन्वय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्राचीन संस्कृति को अपनाने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications