मप्र में गरीबी उन्मूलन पर खर्च होगा बजट का 45 फीसदी हिस्सा
रीवा, 13 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एलान किया है कि उनकी सरकार बजट का 45 फीसदी हिस्सा गरीबी उन्मूलन की योजनाओं पर खर्च करेगी। साथ ही गरीब लोगों के विकास और योजनाओं का लाभ दिलाने के मकसद से अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाने के लिए अंत्योदय मेलों के अभियान की शुरुआत गुरुवार को रीवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी की मौजूदगी में की।
इस मौके पर चौहान ने कहा कि किसी की प्रगति एवं विकास में गरीबी बाधक न बने, इसका सरकार को पूरा ध्यान है। गरीब परिवार के बच्चों की पढ़ाई, इलाज आदि में मदद के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
पाले से हुए फसल के नुकसान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वे सर्वेक्षण पूरा कर किसानों को जल्द से जल्द राहत प्रदान करें। संकट के दौर में सरकार किसानों के साथ है और हर संभव मदद देने में पीछे नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री ने फसल बीमा योजना की खामियों के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि किसान प्रीमियम देता है, मगर उसे बीमा का लाभ नहीं मिल पाता।
गडकरी ने मध्य प्रदेश को विकास की दृष्टि से देश का आदर्श राज्य करार दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश देश के कुछ राज्यों में से है, जहां किसानों को तीन प्रतिशत की ब्याज दर से कर्ज मिल रहा है। प्रदेश का प्रशासन साफ -सुथरा है और लाडली लक्ष्मी जैसी योजनाओं के व्यापक परिणाम मिले हैं।
अंत्योदय मेलों को नई शुरुआत बताते हुए गडकरी ने कहा कि इससे भ्रष्टाचार, गरीबी और भुखमरी दूर होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications