लाल चौक पर तिरंगे के लिए भाजपा की 'संकल्प रैली'
यह रैली भाजपा के 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस पर श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के मिशन को सफल बनाने के लिए निकाली गई। रैली को संकल्प रैली का नाम दिया गया। युवा मोर्चा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हरीष दुबे के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में सैंकड़ों युवाओं ने भाग लिया।
सच पूछिए तो यह रैली कोई आम रैली नहीं थी। भाजपा का यह संकल्प एक बड़े बवाल की ओर इशारा कर रहा है। देश भर से भाजपा के कार्यकर्ता 26 जनवरी को लाल चौक पर तिरंगा फहराने के लिए श्रीनगर पहुंच सकते हैं। इस बात की खबर पुलिस को भी है, जिसके चलते पुलिस ने गणतंत्र दिवस के दिन विशेष सुरक्षा इंतजाम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने भारतीय जनता पार्टी ने 26 जनवरी के दिन लाल चौक पर तिरंगा फहराने का प्रस्ताव रखा, जिस पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "तिरंगा फहराना है तो कश्मीर के बाहर जाओ।" उमर के इस बयान का कई राजनीतिक दलों ने विरोध भी किया था। अब जैसे-जैसे गणतंत्र दिवस करीब आ रहा है, यह मामला गर्म हो रहा है।
इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया नीचे कमेंट बॉक्स में लिखें। क्लिक करें- उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें।