इंडिगो एयरबस से 180 विमान ख़रीदेगी

एयरबस का कहना है कि ये एक साथ दिया सबसे बड़ा ऑर्डर है
भारत की सस्ती एयरलाइन इंडिगो ने एयरबस से 180 नए विमानों की ख़रीद का सौदा किया है.
एयरबस का कहना है कि व्यवसायिक उड्डयन क्षेत्र में एक साथ दिया गया ये अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है.
ये विमान ए-320 जेट हैं और इंडिगो इनके लिए 16 अरब डॉलर से अधिक की राशि अदा करेगी.
ग़ौरतलब है कि हाल में घरेलू एयरलाइनों में जेट और किंगफ़िशर के बाद इंडिगो तीसरे स्थान पर पहुँच गई है. भारत में हवाई यात्रा के बढ़ते बाज़ार ने देश-विदेशों में विमान सेवाओं का काफ़ी ध्यान खींचा है.
भारत की आबादी एक अरब से ज़्यादा है और पर्यवेक्षकों का कहना है कि अर्थव्यवस्था में सुधार के कारण लोगों की ख़र्च करने की क्षमता बढ़ी है.
भारत सरकार ने भी सस्ते और सुविधाजनक हवाई सफ़र को अपना समर्थन दिया है.
साथ ही भारत में निजी विमान सेवाओं के बढ़ने वाले यातायात की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए बुनियादी ढाँचा बढ़ाया जा रहा है.


Click it and Unblock the Notifications