सर्दियां बिताने चिल्का झील पहुंचे लाखों प्रवासी पक्षी
झील के बीच स्थित द्वीप पर 15.53 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले नलबाना पक्षी अभयारण्य में करीब 269,000 प्रवासी पक्षी देखे गए हैं। इसके अलावा अन्य पक्षी अभयारण्य क्षेत्र के बाहर देखे गए हैं।
चिल्का वन्यजीव प्रखंड के प्रखंड वन अधिकारी बी.पी. अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया कि मोटे तौर पर यह अनुमान लगाया गया है। उन्होंने कहा कि झील पर आने वाले पक्षियों की सही संख्या पक्षियों की वार्षिक गणना पूरी होने पर ही बताई जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि झील पर आने वाले पक्षियों की गणना वहां के 21 शिविरों में रहने वाले कर्मचारियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई है।
उन्होंने बताया कि पुरी, खुर्दा और गंजम जिलों के साथ पूर्वी तट तक फैली इस झील में दो दिवसीय पक्षी गणना 18-19 जनवरी को होगी।
राजधानी भुवनेश्वर से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित और करीब 1,100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली चिल्का झील एशिया की खारे पानी की सबसे बड़ी झील है। यहां हर साल अक्टूबर में करीब 10 लाख प्रवासी पक्षी आते हैं जो मार्च तक यहीं रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications