एक करोड़ की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
सीतापुर, 12 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में विशेष कार्रवाई बल (एसओजी) और पुलिस ने तीन तस्करों को एक करोड़ रुपये के स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। तीनों उत्तर प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्यों में मादक पदार्थो की तस्करी करते थे।
जिले के हरगांव कस्बे में मंगलवार देर रात एसओजी और पुलिस ने संयुक्त रूप से करीब 30 वर्ष की उम्र के इन तस्करों को धर दबोचा। सभी स्थानीय निवासी हैं।
हरगांव थाना प्रभारी आर.आर. राना ने बुधवार को संवाददाताओं को यहां बताया कि तीनों को गुप्त सूचना के आधार पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब ये अपने किसी ग्राहक को आपूर्ति करने दिल्ली जाने की फिराक में थे।
राना के मुताबिक बरामद स्मैक के बारे में पूछे जाने पर तीनों विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे पिछले चार सालों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राजस्थान, हरियाणा में चरस, हेरोइन और स्मैक की तस्करी कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications