चण्डीगढ़ में फिर कोहरा, पारा लुढ़का
बर्फीली हवाओं और मौसम की खराब स्थिति से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चण्डीगढ़ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा के तकरीबन सभी हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
पंजाब में अमृतसर इस इलाके में सबसे सर्द रहा और बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। लुधियाना में यह 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा,जो औसत से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।
पटियाला में बुधवार को तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चण्डीगढ़ में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के अधिकतर हिस्से बुधवार सुबह कोहरे की चादर से ढके रहे। कई जगह तो दृश्यता शून्य पर पहुंची गई और इससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ।"
उन्होंने कहा, "इस इलाके में सभी जगहों पर पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। अगले एक से दो दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे।"
घने कोहरे की वजह से बुधवार को भी हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। छह दिन लगातार बंद रहने के बाद मंगलवार को हवाई अड्डा खुला और सेवाएं दोबारा शुरू हुईं।
चण्डीगढ़ हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "अभी उड़ानों के रद्द होने को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। हम मौसम के साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।"
हरियाणा में हिसार सबसे सर्द रहा और यहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अम्बाला, करनाल और नारनौल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4, तीन-तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications