महंगाई पर बैठक बेनतीजा, दूसरी शीघ्र (राउंडअप)
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक बुधवार या गुरुवार को दोबारा उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जा सकती है।
प्रधानमंत्री के सात रेस कोर्स रोड स्थित आवास पर सुबह साढ़े 10 बजे शुरू हुई इस बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार, केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम, कैबिनेट सचिव के. एम. चंद्रशेखर, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया और वित्त मंत्रालय के मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु शामिल हुए।
खाद्य पदार्थो की बढ़ती महंगाई पर अंकुश रखने के लिए उठाए गए तमाम सरकारी उपायों के बावजूद महंगाई बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भी स्थल मार्ग से प्याज का निर्यात बंद कर दिया है।
विपक्षी पार्टियों ने बढ़ती महंगाई के लिए सरकार की आलोचना की है और इस पर रैली निकालने का कार्यक्रम बनाया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने पिछले दिनों कहा था कि सरकार ने लोगों के मुंह से निवाला छीन लिया है।
वामपंथी पार्टियां पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम करवाना चाहती हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति की सदस्य बृंदा करात ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने के कारण महंगाई बढ़ रही है। उनका कहना है कि पेट्रोल का डिरेगुलेशन समाप्त किया जाना चाहिए।
उधर कांग्रेस पार्टी का कहना है कि राज्यों को भी महंगाई कम करने के लिए कदम उठाना चाहिए।
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सरकार पर खाद्य आपूर्ति श्रंखला के कुप्रबंधन का आरोप लगाया और कहा कि इसी के कारण खेत से निकलने के बाद खुदरा बाजार तक आते-आते फसलों की कीमत काफी बढ़ जाती है।
औद्योगिक संगठन के महासचिव और अर्थशास्त्री अमित मित्रा ने कहा कि महंगाई के एक बार फिर बढ़ने से स्पष्ट हो गया है कि महंगाई कम करने के लिए मौद्रिक समीक्षा सही उपाय नहीं है।
खाद्य पदार्थो की कीमतों में वृद्धि के कारण देश की खाद्य महंगाई दर 25 दिसम्बर को समाप्त सप्ताह में बढ़कर 18.32 प्रतिशत हो गई।
चावल, गेहूं और दालों की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन सब्जियों की कीमतों में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। प्याज की आपूर्ति कम होने से देश के ज्यादातर इलाकों में इसकी कीमत 55 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊंचे स्तर पर बनी हुई है।
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा और वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने पाकिस्तान से प्याज का स्थल मार्ग से निर्यात बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है, लेकिन पाकिस्तान ने फैसला बदलने का अभी तक संकेत नहीं दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications