हिमाचल में हिमपात की सम्भावना
स्थानीय मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में 12 से 14 जनवरी के बीच और बारिश व हिमपात होने की सम्भावना है।"
उन्होंने कहा कि कैस्पियन सागर से पैदा हुए पश्चिमी विक्षोभ के अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र की ओर बढ़ने से हिमाचल में ये दोबारा सक्रिय हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शिमला, नरकांडा, कुफरी, मनाली और डलहौजी जैसे पहाड़ी पर्यटक इलाकों में गुरुवार के बाद मध्यम हिमपात हो सकता है।
शिमला में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर इस मौसम का पहला हिमपात हुआ था। पिछले आठ सालों में पहली बार ऐसा हुआ था कि साल के अंतिम दिन शिमला में बर्फबारी हुई थी। मनाली में रविवार को हल्का हिमपात हुआ था।
शिमला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री दर्ज किया गया था।
किन्नूर जिले के काल्पा में शून्य से 4.8 डिग्री नीचे, भुंतार में 0.4 डिग्री और धर्मशाला में 3.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications