दिल्ली के जंतर-मंतर पर उपवास पर बैठे जगन
मंगलवार सुबह एक विशेष रेलगाड़ी से नई दिल्ली पहुंचे जगन सीधे जंतर-मंतर गए और उपवास पर बैठ गए। उनके साथ सैकड़ों समर्थक भी आए हैं।
जगन के साथ राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के आठ विधायक, नेता और किसान भी यहां पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक और अधिक विधायकों के यहां आने की उम्मीद है।
कड़प्पा संसदीय सीट और कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले जगन ने अपने पिता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी के निधन के बाद मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी दावेदारी पेश की थी। राजशेखर रेड्डी का निधन दो सितम्बर 2009 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हो गया था।
जगन ने कांग्रेस पर परिवार को तोड़ने का आरोप लगाया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही जगन किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर दो दर्जन विधायकों के साथ विजयवाड़ा में 48 घंटे के उपवास पर बैठे थे। राज्य में हुई भारी बारिश की वजह से फसल बर्बाद हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications