हिमाचल में चीन की सीमा पर निगरानी बढ़ी
लाहौल एवं स्पिति जिले के पुलिस अधीक्षक एस.आर. राणा ने फोन पर आईएएनएस को बताया, "हमने चीन की सीमा के नजदीक अनधिकृत लोगों की कोई भी गतिविधि रोकने के लिए वहां सुरक्षा बढ़ा दी है।"
उन्होंने कहा कि स्पिति उप प्रखंड के समदोह की अंतिम चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उस क्षेत्र में लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
समदोह किन्नूर और लाहौल एवं स्पिति जिलों की सीमा पर स्थित है, जहां राज्य पुलिस निगरानी रखती है। अन्य स्थानों पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) कर्मी तैनात किए गए हैं।
वैसे सोमवार को विदेश मंत्रालय ने चीनी घुसपैठ की खबरों को नकार दिया था और कहा था कि भारत व चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर धारणाओं में मतभेद हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी वक्तव्य में कहा गया, "ये खबरें निराधार हैं और तथ्यों की पुष्टि नहीं करतीं। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।"
दरअसल मीडिया में दिसम्बर 2010 के अंतिम दिनों में जम्मू एवं कश्मीर के लेह जिले के दमचोक इलाके में चीनी सैनिकों की घुसपैठ की खबरें आई थीं।
मंत्रालय का कहना है कि भारत व चीन के बीच इस क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर धारणाओं में मतभेद है।
राणा ने बताया कि सीमा के नजदीक ऊंचाई वाले ज्यादातर इलाके भारी हिमपात की वजह से पहले ही बंद हैं इसलिए सीमा से लगे गांवों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications