बंगाल में हत्या, राजनीतिक झड़पें स्वीकार्य नहीं : प्रणब
कोलकाता। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में हो रही राजनीतिक हिंसा 'पूर्णत: अस्वीकार्य' है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में जल्द ही शांति बहाल होगी।यहां के भारतीय प्रबंधन संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद प्रणब ने संवाददाताओं से कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतिदिन हत्याएं और राजनीतिक झड़पें होना पूर्णत: अस्वीकार्य है।"
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम कानून एवं व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य प्रशासन एवं मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य के निरंतर संपर्क में हैं।उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि हिंसा थम जाएगी और शांतिपूर्ण माहौल कायम होगा।"
उल्लेखनीय है कि राज्य में जारी राजनीतिक हिंसा पर केंद्र सरकार की पैनी नजर है। खासतौर से सात जनवरी को पश्चिम मिदनापुर जिले के नेताई गांव में सात लोगों की हत्या के बाद से केंद्र ने राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाया है। आरोप है कि हमलावर सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समर्थक थे।












Click it and Unblock the Notifications