नेपाल में प्रधानमंत्री पद के लिए बुधवार को चुनाव
काठमांडू, 9 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल की अंतरिम संसद पिछले छह महीनों से जारी राजनीतिक गतिरोध को दूर करने के लिए बुधवार को यहां प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव कराएगी। इसके पहले मतदान के 16 दौर नाकाम हो चुके हैं। इसके बावजूद राजनीतिक गतिरोध बरकरार है।
रविवार को सदन के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हुई। सदन की सलाहकार समिति ने संसद के अध्यक्ष सुबाश नेमबांग को बुधवार को 17वें दौर का मतदान कराने की सलाह दी।
मतदान को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद यह उम्मीद जगी है कि इस बार बुधवार को होने वाले मतदान में देश का नया प्रधानमंत्री चुन लिया जाएगा।
ज्ञात हो कि सर्वोच्च न्यायालय ने पिछले महीने अपने आदेश में कह चुका है कि कानून निर्माता मतदान प्रक्रिया से उदासीन नहीं हो सकते उन्हें अपने मत का इस्तेमाल करना होगा।
माओवादी नेता पुष्प कमल दहाल प्रचंड और कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष झालानाथ खनाल के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से बाहर हो जाने के बाद अब इस पद की दावेदार देश की सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस है।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के संविधान के अनुसार 601 सदस्यों वाली संसद में साधारण बहुमत से नया प्रधानमंत्री चुने जाने तक नेता के चुनाव की प्रक्रिया जारी रखने की व्यवस्था है।
इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री पद के अकेले उम्मीदवार पूर्व उप प्रधानमंत्री राम चंद्र पौडेल बहुमत पाने तक मतदान में हिस्सा ले सकते हैं। पिछले साल माओवादियों और कम्युनिस्टों के बीच गठबंधन होने की आशंका से पौडेल की पार्टी ने उनका नाम प्रधानमंत्री पद की दौड़ से बाहर करने से इंकार कर दिया।
यदि बुधवार को होने वाले मतदान में पौडेल करीब 300 सदस्यों का मत नहीं पाते हैं और दौड़ से बाहर चले जाते हैं तो नए दावेदारों के बीच फिर से चुनाव कराने का रास्ता साफ हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications