उत्तर और पूर्वी भारत में सर्द हवाओं से ठिठुरन (राउंडअप)
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम से कम एक दर्जन उड़ानें प्रभावित हुईं। चण्डीगढ़ में कोहरे के कारण लगातार पांचवें दिन भी हवाईअड बंद रहा। दक्षिणी कश्मीर में मौसम में सुधार के बाद श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर एक तरफ का आवागमन शुरू किया गया है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, बिहार और जम्मू एवं कश्मीर में भीषण सर्दी पड़ रही है। आलम यह है कि कहीं पारा शून्य के निकट पहुंच गया है तो कहीं शून्य के नीचे चला गया है। इस दौरान लोग घरों में ठहरना ही उचित समझ रहे हैं जबकि सड़क किनारे ठिठुरने से बचने के लिए बेसहारा लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक देश के पूर्वोत्तर इलाकों असम, मणिपुर और अंडमान के कुछ इलाकों में बारिश हुई। यहां का मौसम आमतौर पर शुष्क बना हुआ है। इसके अलावा बिहार, राजस्थान और उड़ीसा के विभिन्न हिस्सों में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
दिल्ली में रविवार को सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "शहर में रविवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री सेल्सियस नीचे था। सर्द हवाएं ठंड में इजाफा कर रही हैं और शहर में अगले दो दिनों तक यही स्थिति बने रहने के आसार हैं।"
उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में रविवार सुबह घने कोहरे और सर्द हवाओं के चलने से तापमान गिरकर 0.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जिससे लोग घरों में रहना ही बेहतर समझ रहे हैं। घने कोहरे और सर्द हवाओं की वजह से बाजार भी सूने रहे और ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की तादाद में भी कमी आई है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले मेंमनाली तथा किन्नौर जिले के कालपा में पिछले दो दिनों के दौरान क्रमश: पांच सेंटीमीटर और दो सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कालपा में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुल्लू जिले के भूंतर में तापमान दो डिग्री सेल्सियस व धर्मशाला में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता में काफी कम हो गई। कोहरे के कारण लगातार पाचवें दिन भी हवाईअड बंद रहा।
चण्डीगढ़ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक डी.के. मीणा ने कहा, "रेलगाड़ियों का संचालन समय पर हो रहा है लेकिन लम्बी दूरी की रेलगाड़ियां कोहरे की वजह से देरी से चल रही हैं।"
चण्डीगढ़ में तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से दो डिग्री सेल्सियस नीचे था। पंजाब में अमृतसर, लुधियाना, और पटियाला शहरों का न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.2, 3.7, और 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में नारनौल सबसे अधिक सर्दी वाला स्थान रहा, जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अम्बाला, करनाल और भिवानी में तापमान क्रमश: 4.5, चार तथा 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में शीतलहर में कुछ कमी आने के बाद उत्तरी कश्मीर के कुछ इलाकों में रविवार को एक बार फिर बर्फवारी हुई। वहीं लद्दाख क्षेत्र में पारा शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दक्षिणी कश्मीर में मौसम में सुधार के चलते श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर एक तरफ का आवागमन शुरू किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications