भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अंतिम दिन की बैठक शुरू
भाजपा महासचिव रविशंकर प्रसाद ने कहा, "राजनीतिक प्रस्ताव में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल, आदर्श हाउसिंग घोटाला और असम के उत्तरी कछार जिले में 1,000 करोड़ रुपये के घोटाले सहित भ्रष्टाचार के अन्य मामले शामिल रहेंगे।"
ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे स्थित एक होटल में आयोजित हो रही इस दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के 300 से ज्यादा नेता शामिल हुए हैं।
बैठक के पहले दिन पूर्वोत्तर के सम्बंध में प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें असम पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की बात कही गई है।
प्रसाद ने कहा, "पूर्वोत्तर से संबंधित प्रस्ताव में बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ पर रोक लगाने का मुद्दा मुख्य बिंदू है। यदि इस घुसपैठ पर रोक नहीं लगाई गई तो एक दिन प्रदेश का मुख्यमंत्री भी बांग्लादेशी व्यक्ति होगा।"
भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूढ़ी ने कहा, "ज्यादातर राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं और यहां हर जगह घुसपैठ, आतंकवाद, जबरन वसूली और भ्रष्टाचार की समस्याएं हैं।"
बैठक के बाद रविवार दोपहर में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications