अमेरिकी महिला सांसद की हालत गंभीर (लीड-2)
डेमोक्रेटिक पार्टी की महिला सांसद गेब्रिएल गिफर्डस (40) यहां एक सार्वजनिक सभा में शिरकत करने आईं थीं।
पिमा काउंटी पुलिस के शेरिफ क्लेरेंस डपनिक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि किराना दुकान के बाहर एक हथियार बंद व्यक्ति ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। गोलीबारी की इस घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
मृतकों में केंद्रीय न्यायाधीश जॉन रॉल, गिफर्डस के कर्मचारी दल के एक सदस्य और एक नौ साल का बच्चा शामिल है।
पुलिस ने इस हमले से जुड़े होने के आरोप में एक 22 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया है। स्थानीय समाचार चैनल एबीसी न्यूज ने इस युवक का नाम जेरेड ली लागनर बताया है। चैनल का कहना है कि लागनर ने यूट्यूब पर कई सरकार विरोधी सामग्रियां प्रकाशित की थीं।
महिला सांसद को धमकियां मिलीं थीं लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन धमकियों से हमलावर व्यक्ति का सीधा सम्बंध है या नहीं।
डपनिक ने कहा कि एक संदिग्ध पैकेट की सूचना मिलने पर पुलिस टूसान में गिफर्डस के कार्यालय पहुंची थी।
सर्जरी के बाद गिफर्डस की हालत गंभीर बनी हुई है लेकिन चिकित्सकों को उनकी हालत में सुधार की उम्मीद है। बेहद करीब से मारी गई एक गोली उनके सिर में लगी थी।
इससे पहले समाचार चैनल एनपीआर ने त्रुटिपूर्वक कहा था कि मृतकों में गिफर्डस शामिल हैं लेकिन बाद में चिकित्सकों ने यह स्पष्ट किया कि उनकी हालत गम्भीर है।
जिस अस्पताल में गिफर्डस का इलाज चल रहा है वहां गोलीबारी मे घायल हुए 10 अन्य लोग भी भर्ती हैं। इनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर है।
सर्जरी के बाद गिफर्डस को गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। उनके चिकित्सक ने कहा, "फिलहाल में उनकी हालत में सुधार के प्रति आशान्वित हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications